वरिष्ठ ट्रांसपोर्ट व्यवसाई व समाजसेवी पीएल गुप्ता का निधन, शोक में बाजार बंद। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री ने भी गहरा दुख व्यक्त किया।

ख़बर शेयर करें

लालकुआं। नगर के प्रमुख समाजसेवी, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी एवं अवंतिका कुंज देवी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पीएल गुप्ता का आज निधन हो गया। उनके असामयिक निधन होने से सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है, वहीं उनके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शोक स्वरूप आज नगर के व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद है। वहीं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और उनके पुत्र को फोन कर ढाढस दिया। उन्होंने कहा कि समाजसेवी गुप्ता जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने व परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान की प्रार्थना करता हूं, आपके जाने से लालकुआं को अपूर्णीय क्षति हुई है।
यहां वार्ड नंबर 2 गांधी नगर एवं शिवालिक पुरम आवासीय कॉलोनी निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता, ट्रांसपोर्ट व्यवसाई एवं अवंतिका कुंज देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष पीएल गुप्ता उम्र 65 वर्ष का बीती देर रात अचानक स्वास्थ खराब हुआ, जिन्हें तुरंत ही हल्द्वानी के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई, जैसे ही परिजनों को उनके निधन का समाचार मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में उनकी विवाहित दो बेटियों को बुलाया गया, तथा प्रातः 11 बजे नगर के मुक्तिधाम स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। जहां उनके पुत्र जमुना प्रसाद गुप्ता और राकेश गुप्ता मुखाग्नि देंगे। उक्त घटना से नगर में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। तथा नगर के तमाम व्यापारिक प्रतिष्ठान भी शोक स्वरूप बंद है। विदित रहे कि अवंतिका कुंज देवी मंदिर के जीर्णोद्धार जिसमें प्राचीन देवी मंदिर निर्माण, साईं मंदिर का निर्माण पीएल गुप्ता द्वारा अपने स्वयं के खर्चे से कराया था, जिसके बाद क्षेत्रवासियों ने उन्हें मंदिर समिति का ही अध्यक्ष मनोनीत कर दिया। वह लंबे समय से अवंतिका कुंज देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष के रूप में सेवा दे रहे थे।

Ad