वर्दी में रेल सवारी करनी पड़ी भारी, राज्यरानी में यूपी पुलिस के 27 दरोगा व सिपाही बिना टिकट कर रहे थे यात्रा, फिर हुआ ये
मुरादाबाद। वर्दी पहनकर पुलिसकर्मी बिना टिकट लिए ही ट्रेनों में सवार हो जाते हैं। इसकी शिकायत मिलने पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक नरेश कुमार की नेतृत्व में विशेष टीम ने चेकिंग अभियान चलाया, इसमें दारोगाओं समेत 27 पुलिसकर्मियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा, इसके बावजूद सभी जुर्माना भरने से कतराते रहे। उच्चाधिकारियों तक फोटो भेजने की चेतावनी देने पर सभी ने जुर्माना देकर टिकट बनवा लिए।
मेरठ से लखनऊ के बीच हुई चेकिंग
मंगलवार सुबह 11 बजे मेरठ से लखनऊ जाने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस में विशेष चेकिंग टीम सवार हो गए। इसमें 27 पुलिस वाले बिना टिकट सफर कर रहे थे। इसमें कुछ दारोगा भी थे। जब उनसे जुर्माना देकर टिकट बनवाने के लिए कहा तो अपनी वर्दी की हनक दिखाने लगे। जुर्माना तो दूर टिकट बनवाने से भी इन्कार कर दिया। एसीएम ने टिकट निरीक्षकों ने कहा कि सभी का फोटो लिया जाए, ये फोटो पुलिस महानिदेशक के पास भेजेंगे। इसके बाद पुलिस वालों ने बिना विरोध किए जुर्माना देकर टिकट बनवा लिए। इसके बाद चेकिंग कर रही टीम बरेली में उतर गई।
जुर्माना देकर बनवाया टिकट
बरेली से मुरादाबाद तक डिब्रूगढ़ से लालगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस के स्लीपर कोच के स्थान पर जनरल कोच में टिकट की चेकिंग शुरू की। चेकिंग में बिहार से चलने वाले काफी यात्री बिना टिकट लिए दिल्ली जा रहे थे। सभी ने जुर्माना देकर टिकट बनवा लिया। रामपुर से मुरादाबाद तक स्लीपर कोच में चेकिंग की गई, इसमें कई यात्री जनरल टिकट लेकर सफर करते हुए पकड़े गए। एसीएम नरेश कुमार ने बताया कि चेकिंग टीम ने 140 बिना टिकट व अनियमित टिकट वालों को पकड़ा। जिसमें पुलिसकर्मी भी शामिल थे। सभी से 71,160 रुपये जुर्माना लेकर छोड़ दिया।
स्रोत इंटरनेट मीडिया

लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक/फॉलो करें
ग्राफिक एरा में तकनीकी प्रतिभाओं का जमावड़ा, ‘इनोविस्टा-2026’ में 700 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा..
दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को मिला 29.39 लाख रुपये का बोनस, मुकेश बोरा ने तीन समितियों को किया लाभान्वित