ग्राफिक एरा में तकनीकी प्रतिभाओं का जमावड़ा, ‘इनोविस्टा-2026’ में 700 से अधिक छात्रों ने लिया हिस्सा..

ख़बर शेयर करें


लालकुआं। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में वार्षिक टेक फेस्ट ‘इनोविस्टा-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन में पहले ही दिन विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के 700 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी तकनीकी क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया। 30 अक्टूबर से शुरू हुआ यह आयोजन एक नवंबर तक चलेगा। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड कंप्यूटर एप्लीकेशंस ने ‘टेक गीक्स’ समूह के सहयोग से किया है।
टेक फेस्ट का उद्घाटन विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. मनोज चंद्र लोहानी ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्र युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं। विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रहकर तकनीक का व्यावहारिक इस्तेमाल सीखना चाहिए, ताकि वे समाज की विभिन्न समस्याओं का समाधान खोज सकें।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से रूबरू कराने के लिए विभिन्न कार्यशालाएं और विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। इंडिया स्टेम फाउंडेशन, गुरुग्राम की ओर से आयोजित रोबोटिक्स वर्कशॉप में विशेषज्ञ गजराज सिंह, आदित्य प्रजापति और अलेश्वरम वंशी तेजा ने छात्रों को रोबोटिक्स और ऑटोमेशन की बारीकियां समझाईं। वहीं साइबर सुरक्षा सत्र में भीमताल परिसर के कंप्यूटर साइंस विभाग के शिक्षक एवं विशेषज्ञ अंश ढींगरा ने ऑनलाइन सुरक्षा, व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा और साइबर खतरों से बचाव के बारे में जानकारी दी।
फेस्ट में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में 16 टीमों ने अपने मॉडल और नवाचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में दीप्ति पब्लिक स्कूल की कक्षा नौ की टीम ने पहला स्थान प्राप्त कर तीन हजार रुपये का पुरस्कार जीता। स्वस्त्यायन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही, जिसे दो हजार रुपये मिले। सिटी कॉन्वेंट स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल कर एक हजार रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि सिंथिया सेकेंडरी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कोडिंग प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वरिष्ठ वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी के विद्यार्थियों ने तीनों शीर्ष स्थान हासिल किए, जबकि जूनियर वर्ग में बीएलएम अकादमी के छात्रों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। दोनों वर्गों में विजेताओं को क्रमशः पांच हजार, तीन हजार और एक हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
टेक फेस्ट का प्रमुख आकर्षण 36 घंटे का हैकाथॉन बना हुआ है। इसमें 32 टीमें लगातार तकनीकी चुनौतियों पर काम करते हुए नए समाधान विकसित कर रही हैं। प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए कुल 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
तकनीकी गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों को प्रबंधन और उद्यमिता का अनुभव देने के उद्देश्य से परिसर में 30 फूड, गेमिंग और क्राफ्ट स्टॉल भी लगाए गए हैं। इसके अलावा ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं, रील शूटिंग और डेढ़ लाख रुपये के लकी ड्रॉ जैसी गतिविधियां भी आयोजन का हिस्सा हैं।
कार्यक्रम संयोजिका नेहा शर्मा ने बताया कि इनोविस्टा का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई से आगे बढ़कर तकनीकी प्रयोगों, नवाचार और व्यावहारिक कौशल के लिए प्रोत्साहित करना है। आयोजन को सफल बनाने में विभागाध्यक्ष डॉ. ईश्वरी सिंह राजपूत, कुलजिंदर सिंह बुमराह, कमलेश पडालिया, नेहा शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों और आयोजन समिति का सहयोग रहा।

Ad Ad Ad Ad