दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को मिला 29.39 लाख रुपये का बोनस, मुकेश बोरा ने तीन समितियों को किया लाभान्वित

ख़बर शेयर करें


लालकुआं/हल्द्वानी। दीपावली और धनतेरस के त्योहार से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक सौगात देकर उनकी खुशियों को दोगुना कर दिया। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में तीन दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सदस्यों को कुल 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस वितरित किया गया। बोनस की राशि पाकर दुग्ध उत्पादकों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।


रामपुर रोड स्थित बेड़ा पोखरा, कालाढूंगी की कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान यह बोनस वितरित किया गया। तीनों समितियों ने मिलकर कुल 3 करोड़ 81 लाख 41 हजार 440 रुपये मूल्य के दूध की खरीद की थी। इसी के आधार पर उत्पादकों को बोनस प्रदान किया गया।
बोनस वितरण के तहत बेड़ा पोखरा समिति के दुग्ध उत्पादकों को 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार 891 रुपये की दूध खरीद के सापेक्ष 13 लाख 94 हजार 748 रुपये दिए गए। कमोला समिति को 1 करोड़ 42 लाख रुपये की दुग्ध खरीद पर 10 लाख रुपये तथा दोहनिया समिति को 1 करोड़ 14 लाख 89 हजार 549 रुपये की खरीद पर 5 लाख 44 हजार 356 रुपये का बोनस मिला।
इस मौके पर मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ पशुपालकों की आर्थिक उन्नति और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर काम कर रहा है। दुग्ध उत्पादकों की मेहनत से ही संघ की प्रगति संभव है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को प्रोत्साहित करना, उन्हें बेहतर सुविधाएं देना और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना संघ की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में दूध उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले उत्पादकों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा कमोला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति की वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक आयोजित कर समिति से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
इस दौरान समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, समिति सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू और एफओ शांति कोरंगा समेत बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।

Ad Ad Ad Ad