मुख्यमंत्री के कालाढूंगी आगमन पर कांग्रेस ने उठाए जनहित के मुद्दे, एथेनॉल फैक्ट्री बंद करने की प्रमुख मांग
कालाढूंगी। मुख्यमंत्री के कालाढूंगी आगमन को लेकर कांग्रेस ने क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याओं पर आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार से जवाब मांगा। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि कालाढूंगी की जनता अब केवल घोषणाएँ और आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का धरातल पर समाधान चाहती है।
नीरज तिवारी ने एथेनॉल फैक्ट्री को क्षेत्र का सबसे प्रमुख जनहित एवं पर्यावरण से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि फैक्ट्री को लेकर स्थानीय जनता में गंभीर चिंताएँ हैं। सरकार तत्काल प्रभाव से फैक्ट्री बंद करने का निर्णय ले। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़े इस विषय पर सरकार की चुप्पी स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री अपने आगमन पर इस संबंध में स्पष्ट निर्णय लेकर लिखित आदेश जारी करें।
उन्होंने अन्य समस्याओं को उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में महिला अपराधों पर रोक, महिलाओं की सुरक्षा एवं रोजगार, बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण, बदहाल सड़कों का निर्माण, जल जीवन मिशन की अनियमितताओं की जांच, पेयजल संकट का समाधान, जंगली जानवरों से किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग, संवेदनशील स्थानों पर सोलर लाइट, युवाओं के लिए रोजगार, अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ तथा पूर्व में घोषित मिनी स्टेडियम का निर्माण तत्काल शुरू कराया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी का कालाढूंगी दौरा केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए। क्षेत्र की जनता को हर समस्या पर ठोस निर्णय और लिखित आदेश चाहिए। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाएगी।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नगर अध्यक्ष कालाढूंगी श्री रोहित बुढ़लाकोटि जी, कांग्रेस सेवादल यूथ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण कांबोज जी, महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष श्रीमती रंजीत कौर जी, आरजीपीआरएस के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कुलदीप तड़ियाल जी, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ कालाढूंगी के अध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट जी, ब्लॉक पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री स्वास्तिक उपाध्याय जी, चकलुवा मंडल अध्यक्ष श्री फूल सिंह कुमटिया जी, वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री श्रीमती इंदिरा डंगवाल जी, युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री कमल अधिकारी जी, आरजीपीआरएस के श्री अमन टम्टा जी एवं श्री सलमान भाई सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मुख्यमंत्री के आगमन पर कल प्रातः 8:30 बजे बौरपुल में एकत्रित होकर जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराएँ।
नीरज तिवारी
प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस कमेटी (उत्तराखंड)


लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज लाइक/फॉलो करें