लालकुआं: भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 136 वीं जयंती का आयोजन.. धूमधाम से मनाई जयंती।

ख़बर शेयर करें

लालकुआं– भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 136 वीं जयंती क्षेत्र में धूमधाम के साथ मनाई गयी। इस अवसर पर नगर पंचायत के सभागार में आयोजित पंत जयंती समारोह में क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पंत जी के बताये मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।


यहां आयोजित पंत जयंती समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में अपनी जान की परवाह किए बगैर अंग्रेजों के जुल्म को अपने शरीर पर सहते हुए पंत जी ने जवाहरलाल नेहरु की जान बचायी थी। साथ ही अंग्रेजों से देश को आजाद कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। पूर्व विधायक नवीन दुम्का ने कहा कि पंत जी द्वारा आजादी के बाद देश के विकास कार्यों में किये उल्लेखनीय कार्यों के चलते आज पूरी दुनिया में उत्तराखंड के इस महान सपूत का नाम बड़े ही गर्व से लिया जाता है। नगर पंचायत के अध्यक्ष लालचंद सिंह ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत को देश का सच्चा सपूत बताते हुए कहा कि हम सभी को उनकी जीवनी से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक डीआर वर्मा ने कहा कहा कि देश में पंत जी जैसे महानुभावों की और आवश्यकता है। ताकि भारतवर्ष और तेजी के साथ विकास के मार्ग पर अग्रसर हो सके। पंत जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को उनके पद चिन्हों पर आज चलने की जरूरत है। देश को आगे बढ़ाने के लिए सभी को अपने नैतिक दायित्व निभाने के साथ ही एकता अखंडता और स्वतंत्रता को अपनाने में अहम भूमिका निभानी होगी। कार्यक्रम में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष धन सिंह बिष्ट, पूर्व चेयरमैन रामबाबू मिश्रा, अरुण प्रकाश, संजीव शर्मा, राजलक्ष्मी पंडित, सुरेंद्र लोटनी, इंदर सिंह बिष्ट, सभासद योगेश उपाध्याय, इस्तकार अंसारी, कमलेश यादव, बॉबी संभल, परमांशु श्रीवास्तव, सचिन अग्रवाल, कार्यक्रम के आयोजक संजय अरोरा सहित तमाम विद्यालयों के नन्हे मुन्ने बच्चे मौजूद थे। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। सभी स्कूली बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया।

फोटो परिचय- लालकुआं में आयोजित पंत जयंती समारोह के दौरान सांस्क्रतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चों को पुरस्कार प्रदान करते अतिथि एवं गणमान्य लोग।

Ad