(उत्तराखंड) एक लड़के की हत्या होने के बाद, मां को मिली दूसरे लड़के की हत्या की धमकी, जाने क्या है पूरा मामला

ख़बर शेयर करें

रुद्रपुर : मेट्राेपोलिस काॅलोनी गेट नंबर एक पर दिवाली के दिन हुई बिलासपुर के युवक की हत्या का मुकदमा वापस लेने के लिए स्वजनों पर दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि वे लोग मृतक के छोटे भाई को भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस मामले में पीड़ित पक्ष के लोगों ने एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है। जिस पर एसपी सिटी ने थानाध्यक्ष पंतनगर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

दिवाली की रात हुई थी हत्या

24 अक्टूबर की रात मेट्रोपोलिस काॅलोनी में आतिशबाजी के विवाद में बिलासपुर के दलजीत सिंह की पिटाई कर उसके पेट में गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उसकी बरेली में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने गुरवीर सिंह, कंवल सिंह, प्रभजोत सिंह, जतिन वर्मा, अमन बाजवा, मुकुल बत्रा, पांच-छह अन्य के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया था। जिसके बाद मुख्य आरोपित गुरवीर सिंह के साथ ही कंवल सिंह, प्रभजोत सिंह, अमनदीप सिंह और जतिन वर्मा को मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया था। हत्या में नामजद मुकुल बत्रा समेत पांच-छह अन्य अभी तक फरार चल रहे हैं। तब से पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही है।

मां ने की ये शिकायत

इधर, मृतक दलजीत सिंह की मां दलविंदर कौर अन्य स्वजनों के साथ शनिवार को एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल से मिली। इस दौरान उन्होंने बताया कि आरोपित पक्ष उन पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। साथ ही उसके छोटे पुत्र को भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बताया कि थानाध्यक्ष पंतनगर राजेंद्र सिंह डांगी से जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा है।

स्रोत इंटरनेट मीडिया

Ad